Lalitpur News: ललितपुर में 1.71 करोड़ की लोन ठगी का खुलासा, वांछित आरोपी गिरफ्तार

Lalitpur News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बजाज फाइनेंस कंपनी और आम नागरिकों के साथ की गई बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। कोतवाली ललितपुर पुलिस ने करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्कॉर्पियो कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कलाई घड़ी भी बरामद की है।

पुलिस अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। यह अभियान कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और झांसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों पर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मो. मुश्ताक (पुलिस अधीक्षक, ललितपुर) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार उर्फ कार्तिक (31 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ललितपुर की बैंक कॉलोनी का निवासी बताया गया है, जबकि उसका मूल पता लुधियाना, पंजाब में बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा के लिए अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बजाज फाइनेंस को लगाया करोड़ों का चूना

इस मामले में शिकायतकर्ता संदीप सिंह सोलंकी, जो बजाज फाइनेंस लिमिटेड में असिस्टेंट मैनेजर (रिस्क) के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया था कि आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी को 1,71,01,703 रुपये का नुकसान पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से नकली कागजात और फर्जी ऋण आवेदन तैयार कर विभिन्न नामों से लोन स्वीकृत कराए और बड़ी रकम निकाल ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। टीम ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब इसी कड़ी में मुख्य वांछित आरोपी दिनेश कुमार उर्फ कार्तिक को भी पकड़ लिया गया है।

पूछताछ में खुला फर्जी लोन का पूरा नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बजाज फाइनेंस की ललितपुर शाखा में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करता था। इसी दौरान उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बना लिया था। गिरोह के सदस्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को लोन दिलाने का लालच देते थे। इसके बाद उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर फर्जी सेल डीड और नकली कागजात तैयार किए जाते थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर लोन पास कराकर रकम निकाल ली जाती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी से कमाए गए पैसों को अलग-अलग बैंक खातों में जमा किया गया। इसी रकम से उसने स्कार्पियो कार खरीदी और निजी खर्चों पर पैसे खर्च किए

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कई सामान बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं —

  • एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (वीवो कंपनी)

  • एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (मोटो कंपनी)

  • एक कलाई घड़ी

  • एक स्कॉर्पियो कार

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली ललितपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, निरीक्षक नरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी सतेन्द्र सिंह और महिला आरक्षी नीलम शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारी की जा सकती है।

महत्वपूर्ण लिंक – 

Whatsapp Group  Click Here
Telegram Group  Click Here

यह भी पढ़ें: –

Leave a Comment

icon

We'd like to notify you about the latest updates

You can unsubscribe from notifications anytime